Daily Sangam
Prayagraj | UP News | Ground Reports
10/06/2026
बागपत: बीच बाजार टेंट कारोबारी और इकलौते बेटे की गोली मारकर हत्या, मुठभेड़ में घायल हिस्ट्रीशीटर की भी मौत
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत बाजार में मंगलवार शाम दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। दो बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक टेंट कारोबारी की दुकान में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस ताबड़तोड़ गोलीबारी में कारोबारी सोहनलाल (50) और उनके 30 वर्षीय इकलौते बेटे विकास की मौत हो गई। वारदात का एक खौफनाक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी घटना कैद हुई है।
गोलीबारी के दौरान कारोबारी के बहादुर बेटे विकास ने अपनी जान की परवाह न करते हुए कुख्यात हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी को दबोच लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने दोबारा फायरिंग की, जिसमें एक गोली खुद उनके साथी हिस्ट्रीशीटर वरुण को भी लग गई, जबकि एक राहगीर भी जख्मी हुआ है। बीच बाजार गोलियों की तड़तड़ाहट से हड़कंप मच गया। भागने की कोशिश कर रहे घायल हिस्ट्रीशीटर को स्थानीय लोगों ने पकड़कर जमकर पीटा। पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां पिता-बेटे को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी ने भी मेरठ मेडिकल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
इस दोहरे हत्याकांड के बाद बागपत के व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज व्यापारियों ने बड़ौत बाजार को पूरी तरह बंद कर दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। मृतक विकास की शादी महज 6 महीने पहले हुई थी और उसकी पत्नी दो महीने की गर्भवती है। इस घटना से पूरे हंसते-खेलते परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। मौके पर पहुंचे एसपी ने पीड़ित परिवार और व्यापारियों को बाकी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देकर बमुश्किल जाम खुलवाया। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
10/06/2026
पश्चिम बंगाल: ममता बनर्जी को बड़ा झटका, टीएमसी में मची भारी भगदड़, सयानी घोष समेत 20 सांसदों ने एनडीए को दिया समर्थन
पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों के बाद से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। तृणमूल कांग्रेस (TMC) इस वक्त अपने सबसे बड़े राजनीतिक संकट से गुजर रही है। बुधवार को टीएमसी के 20 बागी लोकसभा सांसदों ने बड़ा कदम उठाते हुए लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर सदन में अलग बैठने की अनुमति मांगी है और एनडीए (NDA) को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। इन बागी सांसदों में जादवपुर से सांसद और प्रसिद्ध बंगाली अभिनेत्री व गायिका सयानी घोष भी शामिल हैं, जिसे ममता बनर्जी के लिए एक बहुत बड़ा सियासी झटका माना जा रहा है।
सयानी घोष वही नेता हैं जो विधानसभा चुनाव के दौरान अपने एक गाने को लेकर काफी विवादों में रही थीं, जिस पर भाजपा ने ममता सरकार पर मुस्लिम तुष्टीकरण के गंभीर आरोप लगाए थे। इसके अलावा एक चुनावी जनसभा में राघव चड्ढा पर तंज कसते हुए सयानी ने कहा था कि 'मैं चड्ढा नहीं हूं जो चड्डी बन जाऊंगी, घोष हमेशा घोष ही रहेगा।' उनके इस बयान पर तब भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई थी, लेकिन अब बदले हुए सियासी घटनाक्रम में सयानी घोष समेत टीएमसी के बागी सांसदों का झुकाव एनडीए की तरफ हो गया है।
टीएमसी के भीतर यह टूट केवल लोकसभा तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्यसभा में भी पार्टी बिखरती दिख रही है। बुधवार को ही राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने पार्टी और संसद सदस्यता से इस्तीफा दे दिया, जिसे सभापति सीपी राधाकृष्णन ने मंजूर कर लिया है। इससे पहले 8 जून को सुखेंदु शेखर ने भी राज्यसभा और पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले तीन दिनों में टीएमसी के लोकसभा में 28 में से 20 सांसद और राज्यसभा में 13 में से 2 सांसद बागी हो चुके हैं। इसके अलावा 3 जून को बंगाल के 80 में से 58 विधायकों ने अलग गुट बनाकर ऋतब्रत को अपना नेता चुन लिया है। इस महासंकट के बीच ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की है, जबकि ममता बनर्जी खुद सोनिया गांधी से मिलने के बाद कोलकाता लौट चुकी हैं।
10/06/2026
अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद में PMO की एंट्री, ट्रस्ट से मांगी रिपोर्ट, अखिलेश ने दागे 11 सवाल
अयोध्या राम मंदिर में आए चढ़ावे में करीब 7 करोड़ रुपए की कथित चोरी के दावे पर अब प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने कड़ा रुख अपनाया है। सूत्रों के मुताबिक, PMO ने बुधवार को राम मंदिर ट्रस्ट से इस पूरे मामले पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। इससे ठीक एक दिन पहले, मंगलवार को भाजपा नेता डॉ. रजनीश सिंह ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर इस संवेदनशील मामले की CBI जांच कराने की मांग की थी।इस बीच, राम मंदिर भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने मंगलवार को ट्रस्ट के सदस्यों के साथ परिसर के एक बंद कमरे में करीब 4 घंटे तक मैराथन बैठक की। सूत्रों के अनुसार, इस हाई-लेवल मीटिंग में चढ़ावे की राशि, उसके उपयोग और पूरे वित्तीय लेखा-जोखा को लेकर गंभीर चर्चा हुई।
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को लेकर सरकार पर चौतरफा हमला बोल दिया है। अखिलेश ने सरकार के सामने 11 तीखे सवाल दागते हुए पूछा कि आखिर देश की सनातन आस्था से खिलवाड़ करने वालों के पीछे कौन लोग हैं और इस कथित चोरी के आरोपियों को किसका संरक्षण मिल रहा है?
यह पूरा विवाद तब गरमाया जब सपा सरकार में मंत्री रहे पवन पांडेय ने रविवार (7 जून) को दावा किया था कि राम मंदिर के चढ़ावे से 5 से साढ़े 7 करोड़ रुपए की चोरी की गई है। हालांकि, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए सफाई दी है कि ट्रस्ट का समय-समय पर एसबीआई (SBI) बैंक के प्रतिनिधियों के साथ इंटरनल ऑडिट होता है और अभी तक जांच में ऐसी कोई गड़बड़ी सामने नहीं आई है।
Click here to claim your Sponsored Listing.
Category
Contact the business
Telephone
Website
Address
Civil Lines Prayagraj
Pech Morena
211001