Collector Balaghat
Official handle of Collector Balaghat, Government of Madhya Pradesh
07/07/2026
#बालाघाट
जनसुनवाई में सुनी गईं आवेदकों की समस्याएँ
122 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए
प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई की श्रृंखला में 07 जुलाई को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री मृणाल मीना की अध्यक्षता में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर श्री डीपी बर्मन, डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल नायक, श्री एमआर कोल तथा एसडीएम श्री गोपाल सोनी ने आवेदकों की समस्याएँ सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 122 आवेदक अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचे।
जनसुनवाई में बालाघाट तहसील के ग्राम पंचायत घनसुआ अंतर्गत ग्राम ओदा के ग्रामीण बिजली आपूर्ति ठप होने की शिकायत लेकर आये थे। उनका कहना था कि ग्राम ओदा में पुरानी 11 केवी लाइन जंगल और नाले से होकर गुजरने के कारण हर वर्ष बारिश में बिजली आपूर्ति की समस्या उत्पन्न होती है। जिसके कारण ग्राम के विद्यार्थियों, किसानों और आम नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पडता है। वहीं 11 केवी लाइन को घनसुआ–ओदा मार्ग के किनारे से स्थानांतरित किया जाए। इस प्रकरण में एमपीईबी के अधीक्षण यंत्री को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
वारासिवनी के दुर्गेश देव्हारे सिविल अस्पताल वारासिवनी में किए गए बिजली एवं नल फिटिंग-रिपेयरिंग कार्य की मजदूरी का भुगतान एक वर्ष से नही किये जाने की शिकायत लेकर आये थे। दुर्गेश का कहना था कि उसने सिविल अस्पताल वारासिवनी में नल फिटिंग रिपेयरिंग का कार्य किया था जिसका भुगतान उसे अब तक नही किया गया है। दुर्गेश ने बताया कि उसकी आर्थिक परिस्थिति ठीक नही है, जिस वजह से परिवार का भरण-पोषण और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अत: शीघ्र कार्य का भुगतान किया जाए। इस प्रकरण में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।
ग्राम आवलाझरी निवासी सुरेश पिछोडे पानी की निकासी का नाला अवैध रूप से बंद किए जाने की शिकायत लेकर आये थे। सुरेश का कहना था कि उसके खेत के पानी की निकासी जिस नाले से हो रही थी उसे पुरी तरह बंद कर दिया गया है, जिसके कारण खेतों में जलभराव हो गया है और फसल बर्बाद होने की स्थिति में पहुंच गई है। अत: नाले से अवैध भराव हटाकर नाले का प्राकृतिक प्रवाह तत्काल बहाल कराया जाए। इस प्रकरण में एसडीएम बालाघाट को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
बालाघाट तहसील अंतर्गत ग्राम कन्हडगांव की टीना मांद्रे सांदीपनि विद्यालय बालाघाट में प्रवेश दिलाने की मांग लेकर आयी थी। टीना ने बताया कि उसने पहले अंग्रेजी माध्यम से पढाई की है और आगे भी उसी माध्यम में अध्ययन करना चाहती है। उसका वर्ष 2025-26 का परीक्षा परिणाम बहुत अच्छा रहा है, और वह अब सांदीपनि विद्यालय बालाघाट में प्रवेश लेना चाहती है, किंतु प्रवेश लेने में देरी होने की वजह से उसे प्रवेश नही दिया जा रहा। इस प्रकरण में सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।
खैरलांजी तहसील के ग्राम नवेगांव-3 निवासी गोरेलाल नगपुरे पैतृक भूमि के रास्ते पर अवैध रूप से जेसीबी से खुदाई कर मार्ग बंद किए जाने की शिकायत लेकर आये थे। उनका कहना था कि बसंत नगपुरे द्वारा उसकी पैतृक भूमि से जेसीबी द्वारा रास्ता खोदकर रास्ता बंद कर दिया गया है। वहीं तहसीलदार द्वारा रास्ता खुलवाने का आदेश जारी होने के बावजूद अब तक उसका पालन नहीं किया गया है और रास्ता खुलवाने की बात करने पर बसंत द्वारा गाली-गलौज और मारपीट की धमकी दी जाती है। अत: शीघ्र रास्ता खुलवाया जाए। इस प्रकरण में एसडीएम वारासिवनी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
जीएनएम नर्सिंग की नवीन प्रवेशित छात्राऍ छात्रवृत्ति फार्म एमपीटॉस पोर्टल पर नही भरे जाने की शिकायत लेकर आयी थी। छात्राओ का कहना था कि वह ओरियंटल इंस्टीट्यूट ऑफ लालबर्रा में सत्र 2021-22 एवं 2022-23 के नवीन प्रवेशित विद्यार्थियों के फार्म पोर्टल पर अपलोड नही हो रहे है, जिससे की उन्हें शैक्षणिक कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है और वह अपनी फीस भी कॉलेज में जमा नही कर पा रहे है। इस प्रकरण में सहायक संचालक पिछडा वर्ग विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।
वारासिवनी तहसील अंतर्गत ग्राम भेण्डारा के नेतलाल लिल्हारे बिजली बिल कम करवाने की मांग लेकर आये थे। नेतलाल का कहना था कि वह गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाला व्यक्ति है और उसके घर में 04 हजार रुपए का महीने का बिल आ रहा है। नेतलाल ने बताया कि इतनी बिजली की खपत उसके परिवार द्वारा नही की जाती है, जितना की विभाग द्वारा बिल प्रदाय किया जाता है। अत: बिजली बिल कम कराया जाए। इस प्रकरण में एमपीईबी के अधीक्षण यंत्री को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्दश दिये गए है।
वारासिवनी तहसील के ग्राम लिंगमारा निवासी दिव्यांग युवक सुमित डहाके स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण दिलाने की मांग लेकर आये थे। सुमित का कहना था कि वह मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत किराना एवं जनरल स्टोर खोलना चाहते है, किंतु बैंक ने दिव्यांग होने का हवाला देकर ऋण देने से इनकार कर दिया है, जिससे वे स्वरोजगार शुरू नहीं कर पा रहे हैं। सुमित ने शीघ्र उसे ऋण स्वीकृत कराने की मांग की है। इस प्रकरण में जिला रोजगार अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
वारासिवनी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत पिपरिया (भाण्डी) के ग्राम हुडकिटोला के ग्रामीण गांव में जल निकासी व्यवस्था सुधारने की मांग लेकर आये थे। उनका कहना था कि नालियों की समय पर सफाई नहीं होने से बारिश का पानी घरों में भर रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पंचायत द्वारा निर्मित सार्वजनिक शौचालय की भी वर्षों से सफाई नहीं हुई और वहां तक जाने का रास्ता कचरे से बंद है। अत: ग्रामवासियों की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए। इस प्रकरण में जनपद सीईओ वारासिवनी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
Click here to claim your Sponsored Listing.
Category
Contact the organization
Website
Address
श्री मृणाल मीना नवीन कलेक्टर कार्यालय सिविल लाइंस
Balaghat
481001